
भारी से अत्यधिक भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच डीएम ने जारी किए आदेश
देहरादून। मौसम विभाग द्वारा 9 जुलाई को भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार 9 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही अभिभावकों से भी मौसम को देखते हुए अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
