
रुद्रपुर(आरएनएस)। बैंक कर्मचारियों को गुमराह कर विपक्षी द्वारा जमीन गिरवी रख फर्जी तरीके से लोन लेने के मामले में कार्रवाई न होने से आक्रोशित व्यापारियों ने सोमवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी पीड़ित आशीष बांगा के समर्थन में काशीपुर रोड स्थित कार्यालय पहुंचे और बैंक प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगाया। संजय जुनेजा ने बताया कि इंद्रा कॉलोनी निवासी आशीष बांगा पुत्र स्व. गुलशन कुमार ने अप्रैल और अगस्त में बैंक प्रबंधक को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि ग्राम मलसा गिरधरपुर स्थित संयुक्त भूमि उनके पिता गुलशन कुमार और चाचा राजकुमार के नाम दर्ज है, जिसमें दोनों की आधी-आधी हिस्सेदारी है। आरोप है कि चाचा राजकुमार ने अपने हिस्से की भूमि सुनीता रानी और अंजू रानी को बेच दी, जिसके बाद उनके पास मात्र 0.0150 हेक्टेयर भूमि बचती है। इसके बावजूद उन्होंने गलत अभिलेख प्रस्तुत कर बैंक से पहले ऋण और फिर दोबारा 2.27 लाख रुपये का ऋण भी प्राप्त कर लिया। कार्रवाई न होने से नाराज़ व्यापारियों ने कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने में हरीश अरोरा, राजेश कामरा, पवन गाबा, रजत सेठी, शिवेन सेठी, आशीष बांगा, मनीष बांगा, गुलशन बठला, राजकुमार अरोरा, राकेश ढल्ला, बलदेव अनेजा, प्रेम कुमार, हरीश गाबा, सुन्दर खुराना, योगेश खुराना, शुभम खुराना, राजन ठुकराल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

