
चमोली। बदरीनाथ धाम के घस्तोली तिराहे के पास शनिवार शाम पुलिसकर्मी और सेना के जवानों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने कांस्टेबल के साथ मारपीट और वर्दी फाड़ने के आरोप में आर्मी मेजर अनमोल प्रीत समेत 10 से 15 अन्य जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब पौने छह बजे की है। बदरीनाथ कोतवाली में तैनात कांस्टेबल विजय सिंह की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मेजर अनमोल प्रीत और अन्य जवानों ने उनके तथा होमगार्ड दिनेश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान दोनों की वर्दी फाड़ दी गई और उन्हें चोटें आईं। तहरीर में मेजर के नशे की हालत में होने का भी आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि इन दिनों बदरीनाथ धाम और माणा गांव में कांवड़ियों की भीड़ के कारण पुलिस ने माणा पुल पर बैरियर लगाया है। मास्टर प्लान के कार्यों और भारी भीड़ को देखते हुए बड़े वाहनों को आगे जाने से रोका जा रहा है, जबकि छोटे वाहनों को रुक-रुककर जाने दिया जा रहा है।
शनिवार शाम मेजर अनमोल प्रीत सादी वर्दी में जिप्सी से माणा की ओर जा रहे थे। पुलिस द्वारा वाहन रोके जाने पर बहस शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। मामले की विवेचना उप निरीक्षक प्रकाश बिष्ट को सौंपी गई है। पुलिस ने मारपीट, दंगा, गलत तरीके से रोकने और आपराधिक धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
