
अल्मोड़ा। भारत मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी के अनुसार 26 सितंबर को उत्तराखंड के बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना है। वहीं देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अतिवृष्टि से भूस्खलन, त्वरित बाढ़, बोल्डर गिरने, जलभराव, सड़क मार्ग बंद होने और आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा-30 (2) में प्रदत्त शक्तियों के तहत जनपद अल्मोड़ा में सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थानों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 26 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, अल्मोड़ा को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन किए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
