
रुडकी। शादी के 8 साल बाद भी बच्चा न होने पर युवक ने पत्नी को मायके भेजकर दूसरी शादी कर ली। पता चलने पर पत्नी कोतवाली पहुंची और पुलिस से शादी रुकवाने को गुहार लगाई, पर पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे कोर्ट जाने की सलाह देकर लौटा दिया। पत्नी अब भी मायके वालों के साथ पुलिस के चक्कर काट रही है। नवंबर 2012 में खड़ंजा कुतुबपुर गांव की युवती की शादी लक्सर के गांव मखियाली खुर्द के युवक के साथ हुई थी। पर शादी के आठ साल बाद भी युवती को कोई औलाद नहीं हुई। युवती के मुताबिक उसने पति पत्नी दोनों की जांच कराने की सलाह दी, पर ससुरालिए बच्चा न होने का दोष उसी पर मढक़र उसे परेशान करने लगे। अगस्त 2020 में पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे उसके मायके छोड़ गया। पति का गुस्सा ठंडा होने की इंतजार में युवती मायके में ही रहती रही। इसी महीने उसे पता चला कि उसका पति लादपुर गांव की युवती से दूसरी शादी कर रहा है। उसने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने उसके पति को बुलाकर पहली पत्नी के होते हुए दूसरी शादी न करने की हिदायत दी और वापस भेज दिया। इसके बावजूद 14 फरवरी को युवक की बारात लाइपुर पहुंच गई। पता चलने पर उसकी पत्नी पुलिस के पास पहुंची और दूसरी शादी रुकवाने की गुहार लगाई। महिला की मानें तो पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की और उसे कोर्ट में मुकदमा करने की बात कहकर लौटा दिया। महिला अभी भी कार्रवाई की मांग को लेकर बराबर पुलिस के चक्कर लगा रही है। उधर, एसएसआई नितेश शर्मा का कहना है कि एक पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करने के मामले में कोर्ट ही आरोपी को तलब कर सकता है। इसलिए महिला को वहां जाने की सलाह दी गई है।

