
रुद्रपुर। बीते दिनों खेड़ा क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर युवकों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गुरुवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि ट्रांजिट कैंप निवासी सोनू पुलिस को सौंपी तहरीर दी। उन्होंने कहा वह अपने साथी सतवीर निवासी ट्रांजिट कैंप और दिनेश निवासी पीलीभीत यूपी के साथ रामलीला आदि में नाचने गाने का कार्यक्रम करता है। कुछ दिन पहले शाम को करीब सात बजे तीनों लोग खेड़ा में गए थे। वहां पर उन्होंने किसी युवक से पीने के लिए पानी मांगा। इसी दौरान क्षेत्र के कुछ युवकों ने उनके बच्चा चोर होने की अफवाह फैलाकर उनके साथ मारपीट कर दी। युवकों से मारपीट करने वाले गुलाम अनवर और जावेद निवासी वार्ड 13 रेशमबाड़ी थाना रुद्रपुर को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने कहा अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

