
चमोली। नगर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की है। सोमवार को गौचर पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी एवं स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार ने भले ही सीएचसी को उपजिला अस्पताल बना दिया हो, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक न होने से अस्पताल का लाभ आम लोगों को नहीं मिल रहा है। ज्ञापन में अस्पताल में फिजीशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, पैथोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट सहित तमाम पदों पर तैनाती की मांग की है। वहीं सिमली में बेस अस्पताल में व्यवस्थाएं करते हुए मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की मांग की है। ज्ञापन में नगर अध्यक्ष महेश खंडूड़ी, राजेश नेगी, गौतम मिंगवाल, सुभाष रावत, लखपत सगोई, वरिष्ठ नेता ईश्वरी मैखुरी आदि शामिल थे।

