
उत्तरकाशी(आरएनएस)। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में गंदगी मिली। फाइलों के रखरखाव में लापरवाही और उपस्थिति पंजिका में खामियां देखने को मिली। इस पर डीएम नाराज हो गए और उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द व्यवस्थाओं में सुधार लाने को कहा। सोमवार को जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय के नवीन निर्माणाधीन भवन और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक परिसर पहुंचकर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। यहां काम पूरी तरह बंद मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। करोड़ों की लागत से बन रहे प्रोजेक्ट में शिथिलता देख डीएम ने आरआई को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तकनीकी कार्यों के संचालन में हो रही देरी और अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए रिपोर्ट तलब की। चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से सुचारू नहीं हुआ तो इसके लिए संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता को देखते हुए इसका थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और अन्य कार्यों के लिए आए लोगों के साथ सीधे बात करके विभिन्न सेवाओं के लिए जा रहे शुल्क की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी अधिकारी और कर्मचारी तय शुल्क से अधिक लेता या मांग करता है तो तत्काल अवगत करायें। यदि कोई बिचौलिया या कर्मचारी अवैध वसूली में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

