
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में एक आश्रम के अनुष्ठान में शामिल होने आए मुजफ्फरनगर के बालक के साथ एक व्यक्ति ने अश्लील हरकत कर दी। आरोपी भी मुजफ्फरनगर का निवासी है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, उत्तरी हरिद्वार के एक आश्रम में अनुष्ठान चल रहा है। जिसमें कई राज्यों से श्रद्धालु आए हुए हैं। मुजफ्फरनगर के एक बुजुर्ग अपने नौ साल के नाती को लेकर अनुष्ठान में आए थे। नाती ने अपने नाना को बताया कि एक व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर अपने साथ छत पर ले गया। जहां उसके साथ अश्लील हरकत की। किसी तरह वह खुद को छुड़ाकर वापस आया और डरते-डरते आपबीती बताई। तब बालक को लेकर नाना पुलिस के पास पहुंचे। आरोपी की पहचान अतरपाल निवासी भोकारेड़ी मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। शहर कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रियंका भारद्वाज को दी गई है।

