
ऋषिकेश। मिनरल वाटर से भरा एक ट्रक हरिद्वार से ऋषिकेश आते समय सत्यनारायण मंदिर के पास अनियंत्रित होकर ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर पलट गया है। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। बीच सड़क में ट्रक पलटने की वजह से ऋषिकेश से हरिद्वार जाने वाला रास्ता दो घंटे तक बाधित रहा। वाहनों की आवाजाही जारी रखने के लिए ऋषिकेश से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को दूसरी सड़क पर डायवर्ट किया गया है। पुलिस ने क्रेन से ट्रक को बीच सड़क से हटवाया। रायवाला पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह 6 बजे मिनरल वाटर से भरा एक ट्रक हरिद्वार से ऋषिकेश आते समय सत्यनारायण मंदिर के पास अचानक हाईवे पर पलट गया। बीच सड़क में ट्रक के पलटते ही वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई। सड़क पर चलते वाहन चालकों ने किसी तरह ट्रक के केबिन में फंसे ड्राइवर को सकुशल बाहर निकाला। पूछताछ में ड्राइवर ने नींद की झपकी आने की वजह से ट्रक से नियंत्रण खो देने की बात लोगों को बताई। सड़क पर जाम लगा तो सूचना मिलते ही रायवाला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने नेपाली फार्म से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को दूसरी सड़क पर डायवर्ट कर जाम को खुलवाया। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद पुजारी ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने ट्रक को सड़क से क्रेन की मदद से हटवाया।


