
रुड़की(आरएनएस)। थाना बुग्गावाला क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शुक्रवार देर रात थानाध्यक्ष बुग्गावाला पुलिस टीम के साथ यूपी बॉर्डर से बंजारावाला की ओर जोनल चेकिंग एवं गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान बंजारावाला की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बदमाशों को ललकारते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला थाना बुग्गावाला जनपद हरिद्वार बताया। उसकी तलाशी लेने पर एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस बरामद हुए है।
