
अल्मोड़ा। जनपद में पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही आशंकाओं पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत ने बताया कि कुछ पेट्रोल पंपों पर मेंटेनेंस कार्य के कारण अस्थायी रूप से आपूर्ति प्रभावित हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रभावित पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति आज शाम तक या अधिकतम अगले दिन सुबह तक पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी। इसके बाद सभी पेट्रोल पंपों पर पूर्व की तरह नियमित रूप से पेट्रोल उपलब्ध रहेगा और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि प्रशासन लगातार आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल का भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल भरवाएं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और पैनिक की स्थिति उत्पन्न न हो।

