
अल्मोड़ा। कार्यालय अर्थ एवं संख्याधिकारी, अल्मोड़ा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जीआईएस टेक्नीशियन के एक पद पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित अभ्यर्थी को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। पद के लिए एम.एससी. रिमोट सेंसिंग एंड जीआईएस अथवा पीजी डिप्लोमा इन रिमोट सेंसिंग एंड जीआईएस शैक्षिक योग्यता निर्धारित की गई है। वहीं, क्यूजीआईएस, आर्कजीआईएस और गूगल अर्थ प्रो जैसे सॉफ्टवेयर पर कार्य करने का ज्ञान रखने वाले तथा किसी सरकारी या निजी संस्थान में संबंधित कार्य का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र शैक्षिक एवं अनुभव प्रमाण-पत्रों के साथ जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, विकास भवन, अल्मोड़ा में स्वयं या पंजीकृत डाक के माध्यम से 2 सितंबर शाम 5 बजे तक जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पात्र अभ्यर्थियों की जांच के बाद 5 सितंबर को सुबह 10 बजे विकास भवन, अल्मोड़ा में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। चयन समिति द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी और समिति का निर्णय अंतिम होगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और विज्ञप्ति जिला प्रशासन अल्मोड़ा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।


