
रुद्रपुर(आरएनएस)। यूपी के एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। गदरपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वार, रामपुर यूपी निवासी 26 वर्षीय विकास कुमार पुत्र महेंद्र कुमार सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि उसे गदरपुर में किसी से रुपये लेने थे। शुक्रवार दोपहर वह बाइक से रुपये लेकर वापस रुद्रपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान गदरपुर रोड स्थित महतोष मोड़ के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। किसी ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। इसके बाद घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। परिजनों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

