
देहरादून(आरएनएस)। आबकारी विभाग के अधिकारियों पर सरकार को राजस्व का चूना लगाने और ठेके उठान के मामले में धांधली का आरोप लगाते हुए सुराज सेवा दल ने आबकारी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। दल के कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में घंटाघर तहसील चौक तक रैली भी निकाली। दोपहर में दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में घंटाघर पर स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के पास जमा हुए। इसके बाद वहां कुछ देर धरना देकर रैली के रूप में वहां से निकले। तहसील चौक पहुंचकर उन्होंने आबकारी मुख्यालय का घेराव कर वहां प्रदर्शन किया। दल के अध्यक्ष रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि आबाकरी विभाग चहेते ठेकेदारों से शराब की दुकानों के बदल राजस्व नहीं ले रहे हैं। जिससे सरकार को हर माह करोड़ों का चूना लग रहा है। ये भी आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट ने आबकारी आयुक्त के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश की है लेकिन उस पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही। साथ ही उन्हें अहम पद दिए गए हैं। उन्होंने ये भी कहा कि राजस्व जमा ना करने वालों और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आबकारी विभाग के निजीकरण की भी आशंका जताई। साथ ही आबकारी आयुक्त की जांच करवाने की भी मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जिला सचिव ललित श्रीवास्तव,देवेंद्र बिष्ट,अजय मौर्य, अतीश मिश्रा, विजेंद्र, कमल धामी, हिमांशु धामी, रिंकू मोनिका, रईस उस्मान, कावेरी, मेहरबान और इंतजार आदि मौजूद रहे।

