
ऋषिकेश। कर्मचारी संघ गढ़वाल मंडल विकास निगम ने संविदा कर्मियों के विनियमितिकरण, सातवें वेतन के अनुरूप आवासीय भत्ता देने समेत विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की है। सोमवार को कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनमोहन सिंह चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात की। इस दौरान जीएमवीएन को वित्तीय संकट से उबारने और कर्मचारियों की मांगों को लेकर एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा। साथ ही संविदा कर्मियों के विनियमितिकरण, सातवें वेतनमान के मुताबिक आवासीय भत्ता, मुनिकीरेती स्थित पर्वत वुडउल फैक्ट्री संरक्षण, पर्यटन गृहों के रखरखाव के लिए वार्षिक अनुदान देने, जीएमवीएन कर्मियों को यथासमय एसीपी का लाभ देने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। बताया कि पिछले सालों से कोरोना की मार झेल रहा जीएमवीएन वित्तीय संकट से जूझ रहा है, इसे उबारने की जरूरत है। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विभिन्न मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मौके पर संघ महासचिव बीएम जुयाल, रणवीर रावत, अजयकांत शर्मा, श्याम सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।

