
जयपुर। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा पा रहे छह दोषियों को रिहा करने के आदेश को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देशवासियों को आघात लगाना बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को आदेश पर पुनर्विचार करना चाहिए।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि: श्री राजीव गांधी के हत्यारों को रिहा करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश से देशवासियों को आघात लगा है। देश की एकता व भारतीय उपमहाद्वीप में शांति स्थापित करने के लिए शहादत देने वाले श्री राजीव गांधी के हत्यारों को रिहा करने का आदेश जनभावना के अनुरूप नहीं है। सुप्रीम कोर्ट को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।
गौरतलब है कि शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने राजीव गांधी की हत्या के मामले में जेल में बंद सभी 6 दोषियों को रिहा करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने साफ कर दिया है कि अगर इन दोषियों पर कोई अन्य मामला नहीं है, तो इन्हें रिहा कर दिया जाए।

