
रुड़की। अज्ञात लोगों ने पंचायत चुनाव में अपने समाज से जुड़े प्रत्याशी को वोट न देने पर मतदाता के पूरे परिवार को अगले चुनाव तक मौत के घाट उतारने की धमकी दे डाली। धमकी का पत्र रात को मतदाता के मकान की दीवार पर चिपकाया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्सर के सीधड़ू गांव निवासी तिलकराज पुत्र मोहर सिंह ने लक्सर कोतवाल से मुलाकात की। कहा कि वह हरिद्वार की एक सुरक्षा कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी करता है। पिछले कुछ दिन से लोग पंचायत चुनाव में वोट मांगने उसके पास भी आ रहे हैं। इसी दौरान दस से बारह युवक आए और तिलकराज को अपना वोट एक प्रत्याशी को देने की अपील की। उसने अपनी मर्जी से वोट देने की बात कही। इस पर युवक लौट गए। तिलकराज ने बताया कि अगली सुबह एक प्रत्याशी के समर्थक दीवारों पर चुनावी स्टीकर लगा रहे थे। उन्हें तिलकराज के मकान की दीवार पर धमकी भरा पत्र लगा मिला। पत्र में लिखा गया था कि अपने समाज और बिरादरी के संगठन से बाहर जाने पर तिलकराज का परिवार अगला चुनाव नहीं देख पाएगा। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा कायम कर विवेचना शुरू करा दी गई है।

