
ऋषिकेश। आईडीपीएल से सटे मीरानगर में गुलदार को पकड़ने के लिए शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने फिर से डेरा डाला। सबसे पहले सुबह ड्रोन कैमरे की मदद से गेंहू के खेत में गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की गई, लेकिन गुलदार ड्रोन की नजर में नहीं आया। वन विभाग की टीम ने चार स्थानों पर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं।
मीरानगर की गली नंबर 14 में बीते गुरुवार की सुबह गुलदार दिखा। इसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई थी। गुलदार के दिखने की सूचना मिलने पर ऋषिकेश वनक्षेत्राधिकारी ललित मोहन नेगी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच गुलदार को पकड़ने के प्रयास में जुटे वनक्षेत्राधिकारी नेगी पर भी गुलदार ने हमलाकर घायल कर दिया। शुक्रवार सुबह 10 बजे फिर से वन विभाग की टीम मीरानगर पहुंची। वन विभाग के पशु चिकित्साधिकारी डा. राकेश नौटियाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने गेंहू के खेत के ऊपर ड्रोन उड़ाया। करीब एक घंटे से अधिक ड्रोन हवा में रहा। लेकिन गुलदार कैमरे में नहीं दिखा। इसके बाद दोपहर 12 बजे के बाद वन विभाग ने टीम ने गुलदार पकड़ने के लिए चार स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं। देर शाम तक गुलदार पकड़ में नहीं आया पाया। वन विभाग के कर्मचारियों ने खेत जाकर भी काबिंग की। टीम में एसडीओ लाखन सिंह नेगी, कमल सिंह राजपूत, एसडी कंडवाल, सुनील आदि थे।

