
चम्पावत। गर्मी आते ही फायर सीजन में वनों में आग लगने की घटनाएं होने लगी हैं। शुक्रवार की देर शाम से ग्राम पंचायत गल्ला गांव, नौमाना, तडीगांव के जंगलों में भयंकर आग लग गई। जिससे वन संपदा के साथ छोटे-छोटे पौधे जलकर राख हो गए। वन विभाग की टीम ने कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिससे भारी नुकसान होने से बच गया। जंगल के पास भड़की आग से पर्यावरण में धुआं फैल गया। लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने जल्द आग पर काबू किया। रेंजर दीप जोशी ने बताया कि आग मामूली थी जिसे जल्द काबू कर लिया गया। जोशी ने बताया कि बाराकोट रेंज में तीन चार क्रू सेंटर बनाए गए हैं। जिसमें वन विभाग की टीम हर समय तत्पर है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अगर कहीं जंगल में आग की सूचना उन्हें मिले तो वह विभाग को सूचित कर सकते हैं। रेंजर ने कहा कि किसी व्यक्ति को वन विभाग ने जंगल में आग लगाते देखा तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

