
विकासनगर। सेना में भर्ती के नाम पर जौनसार बावर के आधा दर्जन युवक लाखों रुपये की ठगी का शिकार हो गये हैं। ठगी का शिकार हुए युवकों ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर देकर ठगी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उधर पटेलनगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस को तहरीर में जौनसार बावर क्षेत्र के ठगी का शिकार हुए युवकों ने बताया कि यूपी निवासी दो लोगों ने उन्हे सेना में भर्ती कराने का आश्वासन देकर तीन तीन लाख रुपये मांगे। जिसमें दिनेश पुत्र मोहनलाल निवासी जोगियो चकराता ने 18 जून 2019 ने पचास हजार रुपये नगद व पचास हजार रुपये चेक से आरोपियों को दिए। इसके अलावा अनिल पुत्र गुलाब सिंह निवासी दिलऊ कालसी ने 23 जून 2019 को पचास हजार की नगदी, दीपक पुत्र सोणूराम निवासी खनोडा मलेथा चकराता भी उक्त तिथि को पचास हजार रुपये की नगदी, विक्रम सिंह पुत्र ज्ञानू निवासी खनोडा मलेथा चकराता से 25 जून को पचास हजार रुपये की नगदी, बबलू पुत्र नंदराम निवासी बिजनू से 25 जून को पचास हजार रुपये की नगदी, राहुल पुत्र रूपलाल निवासी बिजनू चकराता से भी 13 दिसंबर 2019 से पचास हजार रुपये अपने बैंक खाते में जमा कराये। आरोपियों ने धीरज पुत्र मुरारी लाल निवासी टिकरी नैनबाग टिहरी गढवाल से भी पचास हजार रुपये 27 जून को विकासनगर में नगद लिए। तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उनसे उनके शैक्षणिक दस्तावेज ले लिए। उसके बाद अपने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय बुलाया। जहां बताया कि उन्हे रांची व लखनऊ में ट्रेनिंग दी जायेगी व वहीं पर ज्वाइनिंग भी दी जायेगी। लेकिन उसके बाद आरोपियों ने न तो नौकरी दिलाई नहीं उनके रुपये लौटाये। बताया कि आरोपियों के खिलाफ उनके पास समस्त सबूत मौजूद हैं आरोपियेां के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उनके रुपये लौटाये जांय। कोतवाली प्रदीप राणा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

