
देहरादून(आरएनएस)। कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 31 कौलागढ़ स्थित प्रेमपुर माफी क्षेत्र में शुक्रवार को विधायक सविता कपूर ने सीवर लाइन कार्य का शिलान्यास एवं गंगा विहार पुलिया-सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।इस अवसर पर सविता कपूर ने कहा कि पूरी कैंट विधानसभा क्षेत्र में शत-प्रतिशत सीवर लाइन की सुविधा उपलब्ध कराना उनका शुरू से प्रयास रहा है। पिछले साढ़े चार वर्षों में उनकी विधानसभा क्षेत्र में 30 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की सीवर लाइन के कार्य हुए हैं। आवास विकास कॉलोनी, चमन विहार, भागीरथीपुरम एवं कौलागढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइन के कार्य कराए गए हैं, आवश्यकतानुसार नए कार्य भी हुए हैं। सविता कपूर ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, नाली, पुलिया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ विकसित किया जा रहा है। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण(एमडीडीए) द्वारा गंगा विहार एवं शांति विहार क्षेत्र में भी सड़क निर्माण के कार्य हुए हैं। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सौरभ शर्मा, पूर्व पार्षद समिधा गुरुंग, नवल थापा, पुष्कर थापा मौजूद रहे।

