
विकासनगर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत निगम रोड स्थित एक हॉस्टल में रह रहे कंपनी में कार्यरत एक कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा है। पुलिस का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट मिलने व जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात राजेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी सेलाकुई ने थाने में सूचना दी कि उसके साथ निगम रोड स्थित एक होटल में रहने वाले मनीष चंद्र डोबरियाल (35) पुत्र बिंद प्रकाश निवासी मल्ली ऑडल थाना सतपुली पौड़ी गढवाल हॉस्टल की पहली मंजिल के छज्जे से गिर गया। जिसे गंभीर चोटें आने पर अन्य साथियों की मदद से श्री महंत इंद्रेश अस्पताल देहरादून उपचार के लिए ले गया। चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखा गया है। एसओ विनोद राणा ने बताया कि घटना स्थल पर निरीक्षण किया है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच पड़ताल की गयी। पता चला कि युवक एक कंपनी में काम करता था। एसओ ने बताया कि कंपनी से छुट्टी के बाद कॉकटेल पार्टी किये जाने की बात सामने आई है। कहा कि प्रथम दृष्टया पाया गया के युवक कमरे में अधिक गर्मी होने व नशे में होने के कारण छज्जे में कपड़े उतारकर कुर्सी पर सो गया। इस दौरान वह छज्जे से गिरने के कारण गंभीर चोटे आने से युवक की मौत होना प्रतीत हो रहा है। बताया कि मृतक के परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने व आगे जांच पड़ताल में जो तथ्य सामने आयेंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

