

चमोली। दीपावली पर्व पर भी सिल्ला ब्राह्मणगांव के करीब 150 परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लाखों रुपये की सोलर लाइटें खरीदी गई हैं, लेकिन पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
मोलकट्ठा, बाराकोट, ब्राह्मणगांव, जोगेणा, सिंगोड़गांव, भट्टकोटी, देवल, डुंगरा और कुंड बग्वान क्षेत्र के लिए वर्ष 2014 में स्यूर पेयजल योजना का निर्माण किया गया था। योजना के रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंपी गई थी। शुरुआत में योजना से पर्याप्त पानी की आपूर्ति हुई, लेकिन रखरखाव के अभाव में पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने लगी। ग्राम पंचायत की ओर से अपने वित्तीय कोष से लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद योजना से अब तक सुचारु पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी है।
ग्रामीण विनोद प्रकाश और चंद्रशेखर पुरोहित का कहना है कि ग्राम पंचायत की ओर से गांव में लाखों रुपये की सोलर लाइटें बांटी गई हैं, लेकिन पेयजल योजना को सुचारु करने में हीलाहवाली की जा रही है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता रमाकांत गुप्ता ने बताया कि सिल्ला ब्राह्मणगांव के लिए पेयजल योजना स्वीकृत हो चुकी है। इसके लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति भी मिल गई है। ग्राम पंचायत को टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तक वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए कहा गया था।



