

हरिद्वार(आरएनएस)। दीपावली पर मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को शहर में अभियान चलाया। सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मिठाई, दूध, दही, पनीर, केक, पेस्ट्री और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 81 नमूनों की मौके पर जांच की गई। इनमें 11 नमूने अधोमानक पाए गए। विभागीय टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों से अधोमानक खाद्य सामग्री तत्काल हटवा दी। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी और उपायुक्त प्रयोगशाला बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। नगर निगम क्षेत्र के ऋषिकुल, गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़ और प्रेमनगर आश्रम क्षेत्र में मिठाई की दुकानों, बेकरियों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने मिठाइयों, पनीर, दूध, दही, केक, पेस्ट्री, सॉस, मसाले, तेल, बेसन, दालों और कन्फेक्शनरी उत्पादों के नमूने लेकर सचल प्रयोगशाला में जांच की। जांच में 11 नमूने अधोमानक मिलने पर संबंधित खाद्य सामग्री को तत्काल प्रतिष्ठानों से हटवाया गया। हालांकि, अभियान में लिए गए नमूनों की मौके पर हुई जांच के परिणामों को लेकर विभाग ने अधोमानक पाए गए खाद्य पदार्थों की अलग-अलग श्रेणी और नाम का ब्योरा नहीं दिया। अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने मिठाई और बेकरी प्रतिष्ठानों में उत्पादों पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित होने की भी जांच की। विभाग के अनुसार, अधिकांश प्रतिष्ठानों पर मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर नियमानुसार दोनों तिथियां अंकित मिलीं। संयुक्त टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुड़की नगर निगम योगेंद्र पांडेय, जूनियर फूड एनालिस्ट अनुराग मियां और लैब सहायक गौरव कुमार शामिल रहे।



