

अल्मोड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट पुलिस ने 11.745 किलोग्राम गांजे के साथ 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार सीज करने के साथ चीड़ की छाल के 38 बुरादे के पैकेट और 60 गुटकों के पैकेट भी बरामद किए हैं। बरामद गांजे की कीमत करीब 2.93 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत 4 नवंबर को सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम झड़ गांव से करीब एक किलोमीटर पहले बैंड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने ईको स्पोर्ट्स फोर्ड कार संख्या HR10-AB-4777 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन चालक शुभम सिंह रावत, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्वाली गांव, पोस्ट कैलानी ईकोखेत, थाना सल्ट, हाल निवासी शक्ति नगर, सेक्टर-13, चंडीगढ़ के कब्जे से 11.745 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा चीड़ के पेड़ की छाल के 38 बुरादे के पैकेट और 60 गुटकों के पैकेट भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सल्ट में मुकदमा संख्या 22/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 और भारतीय वन अधिनियम की धारा 26/42 में मुकदमा दर्ज किया है। तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया है। पुलिस टीम आरोपी से गांजे के क्रय-विक्रय के स्रोतों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल हेमंत मनराल, कांस्टेबल टोनेश त्यागी और कांस्टेबल रविंद्र कुमार शामिल रहे।



