

अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा की ओर से विशेष अभियान 6.0 के तहत बुधवार को ग्राम सभा हवालबाग में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के तहत ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (रावे) के 25 विद्यार्थियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही गांव में सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. बी.एम. पांडेय, डॉ. आर.के. खुल्बे और डॉ. प्रकाश घासल ने किया।




