


देहरादून। उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने को कहा।
शासकीय आवास पर आयोजित बैठक में शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभिन्न जनपदों में बेसिक शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने से विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने शिक्षक समायोजन पर जोर देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों में छात्र संख्या कम है और आवश्यकता से अधिक शिक्षक तैनात हैं, वहां से शिक्षकों को उन विद्यालयों में भेजा जाए, जहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, लेकिन पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।
डॉ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्यों की तैनाती से विद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों को मजबूत करने में मदद मिलेगी। बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं के भूमि पूजन, शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण की कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में ब्लॉक स्तर पर एक-एक विद्यालय में खेल मैदान बनाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग अपने विद्यालय परिसरों में भूमि उपलब्ध कराएगा। खेल मैदानों के निर्माण को लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ जल्द समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इससे पहले प्रादेशिक खेलों के आयोजन के लिए युवा कल्याण और शिक्षा विभाग का वार्षिक खेल कैलेंडर लागू किया जा चुका है।
बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे, निदेशक एससीईआरटी वंदना गब्र्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनोद कुमार सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक शिक्षा के.एस. रावत, उप निदेशक जे.पी. काला सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



