


अल्मोड़ा। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन और प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक मोहित कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 44 पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा की चिकित्सा टीम ने शिविर में रक्तचाप, मधुमेह और उच्च रक्तचाप सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें कीं। जरूरत के अनुसार लोगों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ दवाइयां भी वितरित की गईं। चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया। शिविर में डॉ. ए.के. जोशी, डॉ. कीर्तिका भंडारी, डॉ. प्रेरणा, प्रयोगशाला तकनीशियन और नर्सिंग अधिकारी शिवानी सहित चिकित्सा विभाग की टीम मौजूद रही।




