


रुद्रपुर(आरएनएस)। ग्रामसभा किरतपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर में करीब 11 वर्षों बाद दोबारा पूजा-अर्चना शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप और जिला प्रशासन की पहल के बाद नवरात्र के प्रथम दिन मंदिर का ताला खुलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। मंदिर में पूजा-अर्चना शुरू होने से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के मंत्री धीरेंद्र मिश्रा और ग्राम प्रधान आशीष यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर मंदिर के इतिहास और विवाद के समाधान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर में लंबे समय से धार्मिक आयोजन होते रहे थे, लेकिन विवाद के चलते करीब 11 वर्षों तक पूजा-अर्चना बाधित रही।ग्रामीणों के अनुसार, 11 मार्च 2013 को ग्रामवासियों ने सहमति पत्र तैयार कर मंदिर निर्माण और पूजा-पद्धति जारी रखने पर सहमति जताई थी। मंदिर में स्थापित मूर्ति को हटाने के संबंध में दायर याचिका को हाईकोर्ट ने 5 अक्तूबर 2026 को निरस्त कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी के समक्ष मामला उठाया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने पहल करते हुए मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना शुरू कराई। मंदिर खुलने पर ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला प्रशासन और रुद्रपुर के एसडीएम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मंदिर में दोबारा पूजा-अर्चना शुरू होने से ग्रामीणों की आस्था से जुड़ा लंबे समय से लंबित मामला सुलझ गया है।



