


अल्मोड़ा। द्वाराहाट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी ने रविवार रात ग्राम जामड पूजाखेत में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद किया। सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य सहित गांव की महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने प्रतिभाग किया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लिंक और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया। बताया गया कि साइबर ठग पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं और लोगों पर दबाव बनाकर पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं। ऐसे कॉल से घबराने या किसी के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने के बजाय सतर्क रहने की अपील की गई। ग्रामीणों को ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। चौपाल में महिला एवं बाल अपराधों, पॉक्सो एक्ट, नवीन आपराधिक कानूनों, नशे के दुष्प्रभावों, यातायात नियमों और बालिकाओं की सुरक्षा के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। साथ ही गांव में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाने या डायल 112 पर देने और अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने को कहा गया।





