

रुड़की(आरएनएस)। कस्बे के केशव नगर मोहल्ले में करीब 20 दिन पहले हुई युवक की संदिग्ध मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के पिता ने मोहल्ले के एक युवक पर बेटे को घर से ले जाकर मारपीट करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक का बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। केशव नगर मोहल्ला निवासी राजेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 28 वर्षीय बेटा अमित 26 सितंबर को घर पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का कार्तिक अपने कुछ दोस्तों के साथ अमित को घर से ले गया।इसके बाद अमित वापस नहीं लौटा। अगले दिन उन्हें जानकारी मिली कि अमित का शव मोहल्ले में ही एक मकान में पड़ा हुआ है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो उसके हाथ-पैर टूटे हुए थे और सिर पर चोट के निशान थे। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।मृतक के पिता ने कार्तिक पर अमित को घर से ले जाकर मारपीट करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी नें बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में मृतक का बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



