

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ थाना कैंट में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 15 अक्टूबर को दी गई तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि गिरधारी लाल साहू ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
तहरीर के अनुसार, रेखा आर्य का विवाह 6 जुलाई 2004 को हिंदू रीति-रिवाज से गिरधारी लाल साहू के साथ हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के समय गिरधारी लाल साहू ने स्वयं को अविवाहित बताया, जबकि बाद में उन्हें पता चला कि वह पहले से विवाहित थे और उनके पूर्व विवाह से बच्चे भी हैं। तहरीर में यह भी कहा गया है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए वह लंबे समय तक चुप रहीं।
रेखा आर्य ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और कई बार सरकारी आवास में स्टाफ के सामने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गिरधारी लाल साहू ने कथित रूप से कूटरचित हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से निवृत्त दर्शाया, जबकि उन्होंने न तो कोई दस्तावेज निष्पादित किया और न ही त्यागपत्र दिया।
तहरीर में हाल ही में प्राप्त एक ऑडियो का भी उल्लेख किया गया है। रेखा आर्य ने आशंका जताई है कि उन्हें और उनके नाबालिग बच्चों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



