

देहरादून। प्रदेश में राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए सरकार ने 2.50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसमें खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों के भोजन, यात्रा और खेल सुविधाओं के लिए जिलावार धनराशि आवंटित की गई है। साथ ही पिछले वित्तीय वर्ष में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के खर्च के भुगतान की व्यवस्था भी की गई है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए 1.35 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। इसमें प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 30.60 लाख, भोजन के लिए 55 लाख और यात्रा व्यय के लिए 50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। शेष राशि खेल प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद आवंटित की जाएगी। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के खर्च के बिलों के भुगतान के लिए 1.11 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
जिलावार आवंटन के तहत अल्मोड़ा को 10.42 लाख, बागेश्वर को 7.79 लाख, चमोली को 10.65 लाख, चंपावत को 9.28 लाख, देहरादून को 16.88 लाख, हरिद्वार को 7.08 लाख, नैनीताल को 13.26 लाख, पौड़ी को 12.74 लाख, पिथौरागढ़ को 8.32 लाख, रुद्रप्रयाग को 5.20 लाख, टिहरी को 7.63 लाख, ऊधमसिंह नगर को 19.33 लाख और उत्तरकाशी को 6.98 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बजट उपलब्ध होने से खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों की सुविधाओं में कमी नहीं आएगी। विभाग के अनुसार, राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की उम्मीद है।



