

रानीखेत। तहसील क्षेत्र के हरड़ा गांव के पास रविवार को एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतक का शव मोर्चरी भेजा गया।
फायर स्टेशन रानीखेत को हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर यूके04टीए0441 नंबर का वाहन खाई में गिरा मिला, जिसमें तीन लोग सवार थे। फायर रेस्क्यू यूनिट रानीखेत और अल्मोड़ा, एसडीआरएफ तथा स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। टीम ने घायल कैलाश चंद्र पुत्र चनी राम और किशोर राम पुत्र जीवन राम, दोनों निवासी हरड़ा, को खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया।
हादसे में आनन्द राम पुत्र डुंगर राम, निवासी हरड़ा की मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने उनके शव को स्ट्रेचर पर बांधकर रस्सियों की मदद से खाई से सड़क तक पहुंचाया और एंबुलेंस से मोर्चरी भिजवाया। बचाव अभियान में फायर स्टेशन रानीखेत के प्रभारी गणेश चंद्र के नेतृत्व में टीम शामिल रही।





