

रुड़की। साइबर ठगों ने गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती को उसके पिता की आवाज में फोन कर सात हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। बाद में पिता से बातचीत होने पर युवती को ठगी का पता चला। पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
सुनहरा रोड निवासी पूजा ने पुलिस को बताया कि उसके पास एक अन्य नंबर से उसके पिता मदन सिंह के नाम पर फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को उसका पिता बताते हुए तत्काल सात हजार रुपये की जरूरत बताई और एक नंबर पर ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। आवाज बिल्कुल पिता जैसी लगने के कारण उसे संदेह नहीं हुआ और उसने बताए गए नंबर पर रकम ट्रांसफर कर दी।
कुछ देर बाद पिता के घर पहुंचने पर पूजा ने फोन करने के बारे में पूछा। पिता ने फोन करने और रुपये मांगने से इनकार किया। इसके बाद उसे पता चला कि ठग ने उसके पिता की आवाज की नकल कर उसे झांसे में लिया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी परिचित या रिश्तेदार की आवाज में अनजान नंबर से फोन आने पर तुरंत रुपये ट्रांसफर न करें। फोन करने वाले से ऐसे सवाल पूछकर पुष्टि करें, जिनका जवाब संबंधित व्यक्ति ही दे सकता हो। जरूरत पड़ने पर परिचित के पुराने नंबर पर फोन कर सत्यापन करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस और संबंधित बैंक को सूचना दें।




