
अल्मोड़ा। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल अल्मोड़ा में बुधवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कचरे के उचित प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने, पुनर्चक्रण और पुनरुपयोग के साथ कचरे के उचित निस्तारण के संबंध में कार्मिकों को जानकारी दी गई। ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की ओर से आयोजित व्याख्यान सत्र में डॉ. वसुधा पंत और उनकी टीम ने क्षेत्रक मुख्यालय के अधिकारियों एवं कार्मिकों को कचरे के चार-स्तरीय पृथक्करण की जानकारी दी। इसमें गीले कचरे, सूखे कचरे, सैनिटरी कचरे तथा विशेष देखभाल वाले कचरे को अलग-अलग रखने और इनके सामूहिक निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। कचरे से कला निर्माण, पुनर्चक्रण और पुनरुपयोग के माध्यम से कचरे का सही प्रबंधन करने के लिए भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा की ओर से द्वितीय कमान अधिकारी एवं प्रशासन तपन कुमार दास ने नगर पालिका अल्मोड़ा के सात सफाई मित्रों और चालक को उनके निरंतर परिश्रम, समर्पण, कर्मठता एवं सेवा भावना के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान सफाई कर्मियों के अमूल्य योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की डॉ. वसुधा पंत और दीपक जोशी के साथ एसएसबी की द्वितीय कमान अधिकारी डॉ. पूजा फर्सवाण, उप-कमांडेंट वीरेंद्र सिंह चौधरी, उप-कमांडेंट रविनन्द झा, उप-कमांडेंट विपिन कुमार कटारा, सहायक अभियंता नवजित दास सहित अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
