
रुद्रपुर(आरएनएस)। यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के विरोध में सोमवार को मुख्य चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में डिजिटल भुगतान और कैशलेस अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के बाद अब यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाने की व्यवस्था की है। आरोप लगाया कि इससे विशेष रूप से छोटे व्यापारियों और डिजिटल भुगतान पर निर्भर कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, केंद्र की घोषणा के अनुसार दो हजार रुपये से अधिक के व्यापारी लेनदेन पर एमडीआर लागू होगा।उन्होंने केंद्र सरकार से यह व्यवस्था वापस लेने की मांग की। कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बजाय उस पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और आम लोगों में असमंजस की स्थिति पैदा होगी। प्रदर्शन में उमेश सिंह राठौर, नगर अध्यक्ष अमन अरोरा, देवेंद्र कन्याल, जफर, नादिर खान, नरेंद्र आर्य, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज कन्याल, मान सिंह, जरीफ, बादल सक्सेना, मो. ताहिर, अरफात अंसारी, पंकज टम्टा, गुफरान, अनिल विश्वकर्मा, जावेद, भूपेंद्र गंगवार, बीना राणा, विद्या, सचिन सनवाल आदि शामिल रहे।

