
देहरादून (आरएनएस)। सेवा संकल्प अभियान के तहत धामी सरकार 25 सितंबर से सात अक्तूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित करेगी। शनिवार को सचिवालय में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्य की हर तहसील और ब्लॉक में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
हर तहसील और ब्लॉक में होंगे शिविर
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रत्येक शिविर का संचालन कम से कम तीन दिन तक किया जाएगा। सभी जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, योजनाओं और उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ मिल सके।
मौके पर होगा लाभार्थियों का चयन
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में लाभार्थियों का चयन करने के साथ आवेदन पत्र भरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी और पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
हेल्थ कैंप के साथ योजनाओं की जानकारी
शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में स्वास्थ्य जांच, दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी स्टॉल और प्रदर्शनी के माध्यम से दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा वृक्ष संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा इससे बचाव और समाधान के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
पहले दो अभियानों में छह लाख से अधिक लोगों की भागीदारी
सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए सरकार पहले दो बार ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। इन दोनों अभियानों में छह लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की थी। पहला अभियान 45 दिन और दूसरा 15 दिन तक चला था।
बैठक में राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला, सचिव विनय शंकर पांडेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा और मुख्य वन संरक्षक राहुल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

