
रुद्रपुर(आरएनएस)। कार खरीदने के बाद लोन की रकम जमा नहीं करने और वाहन वापस मांगने पर गाली-गलौज और गोली मारने की धमकी देने के आरोप में दिनेशपुर पुलिस ने कार डीलर और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर तीन निवासी कृपालिनी राय पत्नी सनातन राय ने शुक्रवार को थाने में तहरीर दी। इसमें उन्होंने बताया कि शम्पी कार बाजार के स्वामी चिराग अरोरा पुत्र संजीव अरोरा निवासी वार्ड नंबर चार भदईपुरा, रुद्रपुर और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कौशल विश्वास पुत्र किशोर विश्वास निवासी खानपुर, दिनेशपुर ने उनकी हुंडई वरना कार खरीदी थी।आरोप है कि कार खरीदते समय दोनों ने वाहन पर चल रहे लोन की रकम जमा करने का भरोसा दिया था। आरोप है कि कार खरीदने के बाद दोनों ने लोन की रकम जमा नहीं की। उन्होंने कई बार आरोपियों से कार वापस करने अथवा लोन चुकाने को कहा, लेकिन न तो लोन जमा किया गया और न ही कार लौटाई गई। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कार वापस मांगने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और गोली मारने की धमकी दी गई। दिनेशपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस ने तहरीर पर चिराग अरोरा और कौशल विश्वास के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

