
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आरके पुरम इलाके में 17 सितंबर की रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठा 21 वर्षीय युवक समय रहते नीचे गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई। टक्कर के बाद कार बाइक को कई मीटर तक घसीटती हुई ले गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना अफ्रीका एवेन्यू रोड पर आरके पुरम मेट्रो स्टेशन के पास रात करीब 10 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, मुनिरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनीष टोकस अपनी काली बाइक पर सड़क किनारे बैठा था। इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल नीली कार से वहां पहुंचे और बाइक को टक्कर मार दी। तनीष सड़क पर गिर गया, जबकि कार बाइक को काफी दूर तक घसीटती चली गई। पुलिस के मुताबिक, युवक कार के साथ नहीं घसीटा गया और प्राथमिक चिकित्सा जांच में उसे गंभीर चोट नहीं मिली।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने चालक को रोक लिया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ चालक को कार से बाहर निकालती दिखाई दे रही है। वीडियो में एक महिला चालक को थप्पड़ मारती नजर आ रही है, जबकि बुजुर्ग चालक हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगता दिख रहा है।
सूचना पर पहुंची आरके पुरम थाना पुलिस ने आरोपी वेणु गोपाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हादसे में इस्तेमाल नीली कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई। मामले की जांच जारी है।

