
खुले मैदान में मिला क्षत-विक्षत शव, 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध टेंपो से पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
नई दिल्ली (आरएनएस)। बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी के कथित प्रेमी ने अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर किशोरी की हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और एक संदिग्ध टेंपो की मदद से मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और तीन नाबालिगों को पकड़ा है।
खुले मैदान में मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। शव क्षत-विक्षत हालत में था। मौके पर पहुंची क्राइम और फोरेंसिक टीमों ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद मृतका के नाबालिग होने की पुष्टि हुई।
50 से अधिक कैमरों से टेंपो का रूट ट्रैक
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। 50 से अधिक कैमरों की जांच के दौरान एक संदिग्ध टेंपो की गतिविधियां सामने आईं। नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस ने विभिन्न चौराहों के कैमरों की फुटेज जोड़कर टेंपो का रूट ट्रैक किया। 15 सितंबर की रात टेंपो खड्डा कॉलोनी में मिला, जिसके चालक से पूछताछ के बाद पुलिस को वारदात से जुड़े सुराग मिले।
शराब पार्टी के बाद वारदात का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी मृतका का कथित प्रेमी था। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ पहले शराब पी और इसके बाद सुनसान इलाके में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, शिकायत किए जाने के डर से आरोपियों ने किशोरी पर चाकू से हमला किया और उसे खुले मैदान में छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, कथित तौर पर घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और टेंपो बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

