


बेटे के साथ प्रेम संबंध को लेकर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने और बेटे के साथ प्रेम संबंध को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार छात्रा ने 31 अगस्त को आत्महत्या कर ली थी।
सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर कार्रवाई
सरखेज थाने के पुलिस इंस्पेक्टर एल.एल. चावड़ा के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान नेहा गोहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने छात्रा के परिजनों की शिकायत और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद 13 सितंबर को महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 107 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक ही स्कूल में पढ़ते थे दोनों
छात्रा के पिता की शिकायत के अनुसार उनकी बेटी और आरोपी महिला का बेटा एक ही स्कूल में पढ़ते थे और दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। दोनों स्कूल के अलावा फोन पर भी लगातार बातचीत करते थे। करीब तीन महीने पहले परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने लड़के के घर जाकर दोनों को समझाया और पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कही, लेकिन दोनों का संपर्क बना रहा।
स्कूल में साथ बैठे दिखने के बाद बढ़ा विवाद
शिकायत के मुताबिक दोनों छात्रों को स्कूल के मैदान में एक साथ बैठे देख प्रिंसिपल ने उनके माता-पिता को स्कूल बुलाया। दोनों परिवारों के सामने मामला रखे जाने के बाद लड़के की मां नाराज हो गई। आरोप है कि स्कूल से निकलने के बाद वह लड़की के घर पहुंची और वहां विवाद किया।
छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि महिला ने घर में उनकी 17 वर्षीय बेटी को अपमानित किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिकायत में महिला पर छात्रा से यह कहने का आरोप है कि यदि वह उसके बेटे से सच्चा प्यार करती है तो फांसी लगाकर जान दे दे और उसके मरने के बाद वह उसके माता-पिता का ख्याल रखेगी। पुलिस के अनुसार छात्रा की मौत के मामले में इन आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

