


गुवाहाटी में सनसनीखेज वारदात, मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय पुलिस के अनुसार हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी
फ्लैट से दुर्गंध आने पर खुला मामला
गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरवाजा तोड़कर फ्लैट में पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, रामानुज गोस्वामी पर 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या का आरोप था। मामला 6 सितंबर को सामने आया। गुवाहाटी के एक अपार्टमेंट में रहने वाले दंपती को करीब दो दिन से पड़ोसियों ने नहीं देखा था। दोनों के मोबाइल फोन भी बंद थे। इसी दौरान फ्लैट से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खटखटाने और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद फ्लैट का ताला तोड़कर प्रवेश किया।
धड़ से अलग मिला महिला का सिर
पुलिस के अनुसार, फ्लैट के भीतर महिला का शव काफी खराब हालत में मिला। महिला की कुछ उंगलियां कटी हुई थीं और उसका सिर धड़ से अलग था। तलाशी के दौरान पुलिस को फ्रिज के भीतर पॉलीथिन में महिला का कटा हुआ सिर भी बरामद हुआ। बाद में शव की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, रिया और रामानुज की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी।
आत्मसमर्पण के बाद भेजा गया था रिमांड पर
पुलिस के मुताबिक, शव बरामद होने के बाद से रामानुज फरार था। उसने रविवार देर रात पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से सात दिन की पुलिस रिमांड मिली। सोमवार तड़के करीब दो बजे हाटीगांव पुलिस की टीम उसे मेडिकल जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जा रही थी।
भागने की कोशिश का पुलिस ने किया दावा
पुलिस का दावा है कि नरकासुर पहाड़ी के पास रामानुज पुलिस वाहन से कूदकर भागने लगा। उसे रोकने की कोशिश के दौरान पुलिस ने गोली चलाई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और नरकासुर पहाड़ी रोड पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

