


देहरादून(आरएनएस)। मोथरोवाला क्षेत्र के वेडिंग प्वाइंट में शनिवार रात हुई फ्रेशर्स पार्टी के दौरान दून यूनिवर्सिटी के एक छात्र पर जानलेवा हमला करने, कार में तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में सोमवार को सात नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बीते 12 सितंबर की रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच हुई। जीएमएस रोड, कांवली गांव के निवासी और दून यूनिवर्सिटी के छात्र मयंक सुंद्रियाल ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि श्रेष्ठ वेडिंग प्वाइंट में पार्टी के दौरान कुछ लड़कों से उनकी बहस हो गई थी। जिसके बाद आरोपियों ने बंजारावाला और मोथरोवाला से अपने अन्य साथियों को वहां बुला लिया। जब वह अपना बचाव करते हुए वहां से निकलने लगा तो आरोपियों ने ईंट और डंडों से उनकी कार पर हमला कर शीशे तोड़ दिए। इसके बाद घर लौटते समय रास्ते में 20-25 युवकों ने लोहे की राड और डंडों से मयंक पर हमला कर दिया। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। मारपीट के इसी दौरान आरोपियों ने पीड़ित की सोने की चेन, घड़ी और 4500 रुपये नकद रखा बटुआ भी लूट लिया। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी देवेंद्र चौहान ने बताया कि मामले में आरोपी सौरभ असवाल (बाली), मनस, वरिष्ठ थापा, मुसू, सक्षम सुंदरियाल, युवी और आदर्श थापा को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

