
अल्मोड़ा। नगर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग को लेकर रेडक्रॉस के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ अल्मोड़ा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने तथा देर रात संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी की मांग उठाई।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि अल्मोड़ा नगर में देर रात तक व्यापारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में प्रमुख बाजारों के साथ ही सुनसान मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित गश्त से असामाजिक और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर के संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां नियमित अंतराल पर पुलिस गश्त कराने की मांग की। साथ ही देर रात संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर पूछताछ व कार्रवाई करने का आग्रह किया।
पदाधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा के लिए पुलिस तथा सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। रेडक्रॉस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार कार्य करता रहा है और नागरिकों की सुरक्षा भी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सीओ अल्मोड़ा ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और रात्रि गश्त को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, वरिष्ठ सदस्य हरीश कनवाल, कृष्ण बहादुर सिंह, यूथ रेडक्रॉस अध्यक्ष अमित साह मोनू, सचिव मनोज भंडारी मंटू और उपसचिव अभिषेक जोशी मौजूद रहे।


