
अल्मोड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के पुलिस उपाधीक्षकों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों के साथ आदेश कक्ष आयोजित कर कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं और आगामी त्योहारी सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न मामलों के समयबद्ध निस्तारण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस मुख्यालय से जारी दैनिक कार्य विवरणिका के अनुरूप प्रत्येक थाना और कोतवाली में नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्य विवरणिका डायरी में दर्ज सभी बिंदुओं पर प्रभावी अमल करने के निर्देश दिए। उन्होंने 60 और 90 दिन की समयसीमा के भीतर पूरी की जाने वाली विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय से निस्तारित करने को कहा। जिन मामलों में तकनीकी कारणों से जांच लंबित है, उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार उनकी संपत्तियां फ्रीज करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा गुमशुदगी के मामलों में पुलिस मुख्यालय की मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) के अनुरूप मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने, त्यौहार रजिस्टर का अवलोकन कर संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।

