
हरिद्वार(आरएनएस)। ब्रह्मपुरी वार्ड में सीवर लाइन बिछने के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। सोमवार को पार्षद सोहित सेठी के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन कर सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की। पार्षद का कहना है कि लोनिवि और कुंभ मेला प्रशासन के बीच समन्वय नहीं होने के कारण मार्ग का काम अटका हुआ है। सेठी ने बताया कि जुलाई में लोनिवि की ओर से सड़क पर सीसी निर्माण शुरू किया जा रहा था। क्षेत्रवासियों ने सड़क को पूरी तरह तोड़कर नए सिरे से बनाने और सीवर का काम पूरा होने के बाद निर्माण कराने की मांग की थी।
इसके बाद काम रोक दिया गया। अब सड़क का निर्माण कुंभ निधि से प्रस्तावित है, लेकिन इसमें इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने की तैयारी है। पार्षद ने कहा कि ब्रह्मपुरी का यह मार्ग पहाड़ से सटा हिल बाईपास है और कुंभ के दौरान भारी वाहनों तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। बरसात में पहाड़ से पानी के साथ मिट्टी और मलबा सड़क पर आने से इंटरलॉकिंग टाइल्स पर फिसलन बढ़ जाती है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल यात्रियों के लिए भी खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव देखते हुए इंटरलॉकिंग के बजाय आरसीसी सड़क ज्यादा टिकाऊ विकल्प है। आगामी कुंभ मेले से पहले सड़क को मजबूत और सुरक्षित किया जाना जरूरी है। उन्होंने कुंभ मेला प्रशासन से प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन में रामलखन, संजय जाटव, अनिल, सौरभ, नमन, अनंत पांडे, सुमित्रा, रीना वर्मा, शिवकुमार, सोनी, रवि, कालूराम जयपुरिया, सुभाष जाटव, सोनू यादव, गोपाल कश्यप, जगत, चंदन, कैलाश, सूरज, विष्णु और अर्जुन आदि मौजूद रहे।

