
अल्मोड़ा। नगर की मॉल रोड, बस अड्डे और बाजार क्षेत्र में बढ़ रही अराजक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने और अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। पूर्व कार्यकारिणी सदस्य भाजपा राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मॉल रोड और बस अड्डे के आसपास आए दिन कुछ अराजक तत्वों द्वारा हंगामा और अनुशासनहीनता की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है तथा क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार शाम बस अड्डे के समीप हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने यातायात बाधित कर हंगामा किया। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस कर्मी ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल के पहुंचने में विलंब हुआ। उन्होंने ऐसी घटनाओं में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि आगामी त्योहारी सीजन में बाजारों और मॉल रोड पर लोगों की आवाजाही बढ़ने वाली है। ऐसे में शाम और रात्रि के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को जनहित में आवश्यक कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, अनुसूचित मोर्चा महामंत्री दिशांत पवार, पूर्व सभासद सौरभ वर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा सोशल मीडिया सह-संयोजक राजा खान, जिला मीडिया संयोजक मनीष जोशी, कन्हैया बिष्ट, कृष्णा तिलारा, ईश्वर उपाध्याय, भूपेश गैरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


