
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में शैक्षणिक प्रशासन से जुड़े दो महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। चित्रकला विभागाध्यक्ष प्रो. संजीव आर्या ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) का कार्यभार ग्रहण किया, जबकि वनस्पति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. धनी आर्या ने नए कुलानुशासक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। प्रो. संजीव आर्या ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण का पदभार ग्रहण करते हुए प्रो. शेखर चन्द्र जोशी का स्थान लिया, जिनका कार्यकाल पूर्ण हो गया है। प्रो. आर्या वर्तमान में परिसर के पुस्तकालयाध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं तथा पिछले 15 वर्षों से सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण (असिस्टेंट डीएसडब्ल्यू) के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शेखर चन्द्र जोशी, डॉ. मनोज कुमार बिष्ट, प्रकाश चन्द्र, भुवन विद्यार्थी, गुलाब राम सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में वनस्पति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. धनी आर्या ने परिसर के नए कुलानुशासक का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने डॉ. दीपक का स्थान लिया, जिनका कार्यकाल पूर्ण होने के बाद यह दायित्व उन्हें सौंपा गया है। परिसर प्रशासन ने दोनों शिक्षकों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छात्र कल्याण एवं अनुशासन व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।

